PDF को ठीक से रीडैक्ट कैसे करें
अपडेट किया गया: 11 अक्टूबर 2026
किसी नाम पर काला आयत बना देना रीडैक्शन जैसा दिखता है। वह है नहीं। आयत पन्ने के ऊपर रखी एक तस्वीर है, और उसके नीचे के शब्द अब भी फ़ाइल में हैं। जो भी उस जगह को चुनकर कॉपी करे या उस नाम को खोजे, उसे वापस पा सकता है।
दो मिनट की जाँच
किसी भी रीडैक्ट की हुई PDF पर भरोसा करने से पहले, चाहे वह किसी और ने भेजी हो, उसमें से टेक्स्ट बाहर निकालने की कोशिश करें।
- फ़ाइल को PDF रीडर या ब्राउज़र में खोलें।
- Ctrl+F दबाएँ (Mac पर Cmd+F) और ऐसा शब्द खोजें जो छिपा होना चाहिए।
- काले किए हिस्से को चुनें, कॉपी करें और टेक्स्ट एडिटर में पेस्ट करें।
- शब्द कहीं भी दिख जाए, तो रीडैक्शन सिर्फ़ ऊपरी दिखावा है।
इस जाँच के लिए फ़ाइल में असली टेक्स्ट होना चाहिए। स्कैन किया हुआ पन्ना एक तस्वीर होता है, जिसमें खोजने या कॉपी करने लायक टेक्स्ट नहीं होता, इसलिए वहाँ यह जाँच कुछ साबित नहीं करती। उसके बजाय पन्ने को खुद देखें।
ऐसे रीडैक्ट करें कि टेक्स्ट हट जाए
सामग्री रीडैक्ट करें हर बॉक्स के नीचे की चीज़ को ढकने के बजाय फ़ाइल से हटा देता है। यह आपके ब्राउज़र में चलता है, इसलिए दस्तावेज़ आपके डिवाइस पर रहता है, और फ़ाइल गोपनीय हो तो यही असली बात है। तैयार हिस्सा काला नहीं, खाली दिखेगा, इसलिए नतीजा आँख से जाँचें।
- अपनी PDF सामग्री रीडैक्ट करें में खोलें।
- जिस भी टेक्स्ट या इमेज को हटाना है, उस पर एक बॉक्स बनाएँ।
- रीडैक्शन लागू करें।
- नतीजा डाउनलोड करें और अपनी मूल फ़ाइल कहीं सुरक्षित रखें।
लागू करना स्थायी है। हर बॉक्स के नीचे का टेक्स्ट और इमेज पन्ने से हट जाते हैं, इसलिए कॉपी पर काम करें। कोई जगह छूट जाए तो मूल फ़ाइल से दोबारा शुरू करें।
बॉक्स के नीचे का टेक्स्ट हट जाता है। कोई इमेज या ड्रॉइंग जिसे बॉक्स छूता है, पूरी हट जाती है, चाहे बॉक्स उसके सिर्फ़ एक कोने को ढके। स्कैन किए पन्ने पर, जो एक बड़ी तस्वीर है, इसका मतलब है कि पूरा पन्ना खाली हो जाता है। रीडैक्शन असली टेक्स्ट वाली PDF के लिए ठीक बैठता है। स्कैन के लिए, स्कैन करने से पहले कागज़ की कॉपी पर काला कर दें।
जो टेक्स्ट बार-बार आता है
जो नाम हर पन्ने के हेडर में है, उसे एक बार में चूक जाना आसान है। खोजें और रीडैक्ट करें आपका टाइप किया टेक्स्ट लेता है और हर जगह से एक ही बार में हटा देता है। यह शब्दशः टेक्स्ट मिलाता है और अंग्रेज़ी के बड़े-छोटे अक्षरों का फ़र्क नहीं करता। यह पैटर्न नहीं समझता, इसलिए “कोई भी फ़ोन नंबर” खोजकर नहीं दे सकता, और छोटी प्रविष्टि किसी लंबे शब्द के भीतर भी मिल सकती है। पूरा शब्द चाहिए तो पूरा शब्द टाइप करें। स्कैन किए पन्ने पर यह कुछ नहीं ढूँढता, क्योंकि मिलाने को टेक्स्ट ही नहीं है।
रीडैक्शन और सफ़ाई एक चीज़ नहीं हैं
रीडैक्शन उससे निपटता है जो पन्ने पर है। वही शब्द फ़ाइल में कहीं और भी हो सकते हैं: दस्तावेज़ के शीर्षक और दूसरे मेटाडेटा में, बुकमार्क के शीर्षकों में, और उस छिपे टेक्स्ट में जो कुछ PDF स्क्रीन रीडर के लिए रखती हैं। PDF शुद्ध करें मेटाडेटा, स्क्रिप्ट और अटैच की गई फ़ाइलें साफ़ करता है, और मेटाडेटा वाली गाइड बताती है कि वह क्या हटाता है और क्या नहीं। बुकमार्क और शीर्षक खुद जाँचें।
अपना काम खुद जाँचें
दो मिनट की जाँच उसी फ़ाइल पर चलाएँ जिसे आप भेजने वाले हैं, उस पर नहीं जिससे आपने शुरू किया था। इसमें रीडैक्शन से कम समय लगता है।
सामग्री रीडैक्ट करें और खोजें और रीडैक्ट करें Pro टूल हैं, और हर एक का एक मुफ़्त ट्रायल है। ट्रायल का आउटपुट वॉटरमार्क वाला होता है, इसलिए उसे असली फ़ाइल पर टूल परखने के लिए इस्तेमाल करें, नतीजा भेजने के लिए नहीं। ब्योरा Pro पेज पर है।